IPL में अब लगेगा 5 मैच तक का बैन

IPL में अब लगेगा 5 मैच तक का बैन

मुंबई , 21/3 : इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कुछ नियमों में बदलाव किए हैं. ये बदलाव इसी सीजन से लागू हो रहे हैं, जिसमें कप्तानों पर स्लो-ओवर रेट के कारण लगने वाला बैन हटाना एक बड़ा फैसला है. बीसीसीआई ने इसकी जगह इंटरनेशनल क्रिकेट की तरह डिमेरिट पॉइंट सिस्टम लागू करने का फैसला किया है. मगर ये डिमेरिट पॉइंट सिस्टम सिर्फ स्लो-ओवर रेट के मामले और कप्तानों पर ही लागू नहीं होगा, बल्कि इसे पूरे कोड ऑफ कंडक्ट में शामिल कर दिया गया, जिसमें खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ भी शामिल हैं और इसमें 5 मैच तक का बैन लग सकता है.

22 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल 2025 सीजन से ठीक पहले मुंबई में बीसीसीआई अधिकारियों ने सभी 10 कप्तानों के साथ एक बैठक की, जिसमें कप्तानों को कई नये नियमों के बारे में बताया. इसमें कोड ऑफ कंडक्ट को लेकर किए गए बदलाव अहम हैं, जो इस सीजन से प्लेइंग कंडिशंस का हिस्सा हैं. अभी तक आईपीएल में किसी भी खिलाड़ी को किसी तरह की बदमिजाजी या गलत हरकत के बदले मैच रेफरी की ओर से जुर्माना लगाया जाता था लेकिन अब खिलाड़ियों को डिमेरिट पॉइंट भी मिलेंगे, जो प्रतिबंध की वजह बन सकते हैं.