पहाड़ों में बर्फबारी, कश्मीर से लेकर बिहार तक ठंड का सितम

पहाड़ों में बर्फबारी, कश्मीर से लेकर बिहार तक ठंड का सितम

नई दिल्ली,29/12 : जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों भारी बर्फबारी के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने कहा है कि 29 दिसंबर से उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति शुरू होने की संभावना है. IMD ने कहा कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पंजाब और राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरे की स्थिति पैदा हो सकती है. शनिवार को राजधानी दिल्ली में 101 साल में दिसंबर में एक दिन में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई.

कश्मीर में शनिवार को मौसम की सबसे भारी बर्फबारी के कारण हवाई, रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ और बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हुई, जिससे दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त नजर आया. वहीं, उत्तराखंड बर्फबारी और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण कांप उठा, जिससे तापमान में गिरावट आई. पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश का असर अब उत्तर भारत के राज्यों पर पड़ने लगा है.

यूपी में कड़ाके की ठंड के बीच बारिश की एंट्री ने मौसम बिगाड़ दिया है. शनिवार को राज्य के 14 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई. स्थिति ये हो गई है कि 4 जिलों में प्रशासन को स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी. स्थानीय मौसम विभाग ने राज्य के 40 से ज्यादा जिलों में बारिश और गरज के साथ ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है. इससे पहले शुक्रवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश देखने को मिली. राज्य में बारिश होने की वजह से ठंड भी बढ़ने की उम्मीद जताई गई है.