अल्लू अर्जुन को भगदड़ मामले में मिली कोर्ट से राहत

हैदराबाद , 3/1 : हैदराबाद के संध्या थियेटर मामले में मुश्किल में फंसे अभिनेता अल्लू अर्जुन के लिए अच्छी खबर है। अल्लू अर्जुन को इस मामले में कोर्ट ने रेगुलर बेल दे दी है। नामापल्ली कोर्ट ने शुक्रवार को इसके आदेश जारी कर दिए हैं। बता दें कि अल्लू अर्जुन को इस मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। हालांकि उनकी तत्काल बेल हो गई थी और गिरफ्तारी की अगली सुबह उन्हें रिहा कर दिया गया था। अब इस मामले को लेकर रेगुलर बेल भी नामापल्ली कोर्ट ने जारी कर दी है।
बता दें कि अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा-2' 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इससे पहले हैदराबाद के संध्या थियेटर में 4 दिसंबर की रात फिल्म का प्रीमियर रखा गया था। इस प्रीमियर के मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। यहां अल्लू अर्जुन के पहुंचते ही फैन्स के बीच भगदड़ मच गई थी। इस भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी। वहीं एक बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में हैदराबाद पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि गिरफ्तारी के बाद भी कोर्ट ने उन्हें बेल दे दी थी। रातभर जेल में रहने के बाद अल्लू अर्जुन की अगले दिन रिहाई हो गई थी।