नई दिल्ली,2/6 : कर्नाटक की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत होने जा रही है। कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य में सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अब सभी की निगाहें 3 जून को बेंगलुरु में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार के साथ पहले चरण में 13 कैबिनेट मंत्री शपथ ले सकते हैं, जबकि मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किए जाने की संभावना है।
खबरों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व का लक्ष्य एक ऐसी टीम तैयार करना है जो क्षेत्रीय, सामाजिक और राजनीतिक संतुलन को ध्यान में रखे तथा आने वाले वर्षों में सरकार का चेहरा बने। नई कैबिनेट को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी शामिल हुए।
दोनों नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य नई कैबिनेट की संरचना, सत्ता संतुलन और संगठनात्मक समीकरणों पर अंतिम निर्णय लेना था। पहले चरण की कैबिनेट में मुख्यमंत्री के रूप में शिवकुमार शपथ लेंगे।











Leave a Reply